+91 7881133302 info@divineworldmission.com Lucknow, UP
Divine World Mission

डिजिटल अप्सरा : आधुनिक माया के मध्य चेतना की रक्षा

22 Mar 2026
आज के डिजिटल युग की सबसे बड़ी विशेषता यह नहीं है कि उसने जीवन को तेज़ कर दिया है... बल्कि यह है कि उसने मन को निरंतर व्यस्त रहने की आदत में उलझा दिया है ... आज के साधक के मन को खाली रहने से भय लगने लगा है... मौन उसे बोझ जैसा प्रतीत होता है... उससे वह दूर भागता है... शून्यता उसे असहज करती है... ऐसे वातावरण में जब कोई साधक भीतर की ओर मुड़ने का प्रयास करता है तो उसका सामना किसी कठोर विरोध से नहीं होता है.... न कोई युद्ध, न कोई स्पष्ट प्रलोभन... बल्कि एक अत्यंत कोमल, आकर्षक और मुस्कराती हुई माया से होता है... यह माया आग्रह नहीं करती है... यह बस संकेत देती है कि "थोड़ा और देख लो "..., "अभी नहीं"... "बस एक बार और"... और साधक अनजाने में ही उस प्रवाह में बहने लगता है... और अपना न जाने कितना कीमती समय यूं ही बर्बाद कर देता है... यहीं से साधना का विघटन आरंभ होता है... यह नई माया पुरानी इंद्रिय लालसाओं जैसी नहीं होती है... जहाँ शरीर किसी वस्तु की ओर भागता था... यह अधिक सूक्ष्म है... यह चेतना को पकड़ती है... यह मन को इस प्रकार उलझाती है कि साधक को यह अनुभव ही नहीं होता कि वह किसी आसक्ति में प्रवेश कर चुका है... उसे लगता है कि वह केवल समय काट रहा है... जानकारी ले रहा है... तनाव दूर कर रहा है... या स्वयं को "हल्का" कर रहा है... परन्तु वास्तव में उसकी चेतना धीरे-धीरे बाहर की ओर बह रही होती है... और जो चेतना बाहर बहने लगती है... वह भीतर टिकना भूल जाती है... यदि इस स्थिति को शास्त्रीय दृष्टि से देखा जाए तो यह स्पष्ट होता है कि माया का स्वरूप बदला है... परन् उसका तंत्र बिल्कुल भी नहीं... पहले माया इंद्रियों के माध्यम से आती थी... अब वह एल्गोरिद्म के माध्यम से आती है... पहले वह वस्तुओं के रूप में आकर्षित करती थी... अब वह अनुभवों के रूप में घर कर जाती है... पर उसका मूल कार्य वही है कि चेतना को बाहर की ओर बनाए रखना और जहाँ चेतना बाहर स्थिर हो जाती है... वहाँ भीतर की यात्रा स्वतः ही मंद पड़ने लगती है... नोटिफिकेशन इस युग का सबसे सूक्ष्म हस्तक्षेप है... वह शोर तो बिल्कुल भी नहीं करता है... किसी भी प्रकार की चेतावनी भी नहीं देता है... वह बस ध्यान को हल्के से खींच लेता है... साधक ध्यान में बैठा हो... जप में लीन हो... शांत बैठा हो... अपनी अंतरात्मा से संवाद कर रहा हो... बस एक छोटी सी ध्वनि... एक हल्की सी कंपन... एक चमकती हुई सेकंड भर की स्क्रीन... और चेतना भीतर से बाहर खिसक जाती है... यह घटना देखने में छोटी है... परन्तु इसका संस्कार अत्यंत गहरा है... इतना गहरा कि व्यक्तित्व के कई संस्कारों के ऊपर भारी पड़ जाता है... चेतना बार-बार बाहर जाती है... भीतर लौटती है... फिर बाहर जाती है... पुनः भीतर लौटती है... और धीरे-धीरे उसकी लौटने की क्षमता कम होने लगती है... कई बार साधक इसे अपनी कमजोरी समझता है... उसे अपने ऊपर गुस्सा भी आता है... वह स्वयं को कभी कभी दोषी ठहराने लगता है... पर यह समझना आवश्यक है कि यह केवल व्यक्तिगत दुर्बलता नहीं है... यह एक संरचित तंत्र है... एक ऐसा तंत्र... जो इस आधार पर निर्मित है कि आपका ध्यान जितनी देर तक बँधा रहेगा... उतना ही वह उपयोगी होगा... इसलिए साधक का संघर्ष किसी एक उपकरण से नहीं है... उसका संघर्ष एक ऐसी व्यवस्था से है... जिसने ध्यान को वस्तु बना दिया है... रील्स और शॉर्ट कंटेंट इस व्यवस्था का सबसे तीव्र रूप हैं... वे मन को गहराई में जाने ही नहीं देते है... वे उसे सतह पर तैरते रहने की आदत डालते हैं... हर कुछ सेकंड में नया दृश्य... नया भाव... नया उत्तेजन... धीरे-धीरे मन यह मान लेता है कि कुछ भी धीमा नहीं होना चाहिए... कुछ भी गहरा नहीं होना चाहिए... सब कुछ तुरंत होना चाहिए... और ऐसे मन के साथ जब साधक मौन में बैठता है तो उसे लगता है कि कुछ हो नहीं रहा है.... मौन उसे नीरस प्रतीत होने लगता है... और यहीं से साधना "उबाऊ" प्रतीत होने लगती है और बोझ सदृश्य लगती है.... यहाँ समस्या साधना की नहीं होती है... समस्या मन की आदतों की है... यह निरंतर विचलन केवल मानसिक नहीं होता है... यह जैविक भी है... मस्तिष्क की संरचना धीरे-धीरे उन्हीं छोटे-छोटे उत्तेजनों के अनुरूप ढलने लगती है... गहरी एकाग्रता कठिन हो जाती है... साधक सोचता है कि वह अनुशासनहीन हो गया है... जबकि वास्तव में उसका तंत्रिका तंत्र ही नई गति के अनुसार ढल चुका होता है... यहीं यह समझना अत्यंत आवश्यक है कि ध्यान केवल मानसिक क्रिया नहीं है... ध्यान साधना का ईंधन है... जिस प्रकार अग्नि बिना ईंधन के धीरे धीरे बुझ जाती है... उसी प्रकार साधना बिना ध्यान शक्ति के अपनी तीव्रता खोने लगता है...ध्यान ही वह शक्ति है जो चेतना को भीतर टिकने की क्षमता प्रदान करती है... और जब ध्यान बार बार टूटता व बिखरता है तो साधना की अग्नि मंद पड़ने लगती है....बिना किसी स्पष्ट कारण के... इसी संदर्भ में एक और गहरी बात समझने योग्य है कि आज के युग में "इंद्रियाँ" केवल शरीर तक सीमित नहीं रह गई हैं... एल्गोरिद्म नई इंद्रियाँ बन चुके हैं... यह स्थिति पूर्णतः नई भी नहीं है... केवल उसका माध्यम बदल गया है... प्राचीन परंपराओं में उल्लेख मिलता है कि जब साधक गहन साधना या तप में स्थित होता था तो उसके ध्यान को सूक्ष्म रूप से विचलित करने वाले आकर्षण प्रकट होते थे... कभी सौंदर्य के रूप में... तो कभी किसी मनोहर संकेत के रूप में... आज वही प्रक्रिया और अधिक परिष्कृत होकर सामने आती है... अब वे आकर्षण बाहरी रूप में नहीं आते है बल्कि एल्गोरिद्मिक संरचनाओं के माध्यम से प्रकट होते हैं... जहाँ प्रत्येक दृश्य... प्रत्येक संकेत साधक के मनोविज्ञान के अनुरूप ढलकर उसके सामने आता है... इस प्रकार विचलन अब अचानक नहीं होता है... वह धीरे- धीरे लगभग अदृश्य रूप से चेतना को अपने साथ बहा ले जाता है... वे जानते हैं कि आपको क्या आकर्षित करता है... किससे आप भयभीत होते हैं... किससे आप उत्तेजित होते हैं... और वही बार-बार आपके सामने प्रस्तुत किया जाता है... यह कोई षड्यंत्र नहीं है... यह आधुनिक व्यापार है... परन्तु साधक के लिए इसका अर्थ है कि उसकी चेतना धीरे-धीरे बाहर की ओर खिंच रही है...बिना उसके स्पष्ट संकल्प के... इसलिए इस अध्याय का एक केंद्रीय सूत्र है कि साधक अपनी ऊर्जा लीक को पहचानना सीखे... ऊर्जा का क्षरण कहां से हो रहा है... यह केवल समय की हानि नहीं है... यह चेतना का विखंडन है... जब ध्यान बँट जाता है... तब समय अपने आप कम पड़ने लगता है... साधक कहता है कि "मेरे पास समय नहीं है"... पर सत्य यह है कि "समय है पर ध्यान व होश नहीं है " ... यहाँ साधक के समक्ष एक अत्यंत महत्वपूर्ण भेद उभरता है कि डिजिटल त्याग और डिजिटल संयम का... अचानक सब कुछ छोड़ देना अक्सर प्रतिक्रिया से आता है... प्रतिक्रिया कभी भी लंबे समय तक टिकती नहीं है... कुछ समय बाद वही आकर्षण लौट आता है... संयम समझ से आता है... संयम का अर्थ है कि कहाँ...? कब...? कितना...? को समझ सके... इस संदर्भ में संयम का अर्थ है कि तकनीक का उपयोग करना... पर उसके द्वारा उपयोग न होना है... और इसी संयम की भूमि पर एक नया साधना तत्त्व जन्म लेता है... वह है डिजिटल मौन... जैसे व्रत केवल भोजन का त्याग नहीं होता है बल्कि इंद्रियों को विराम देना है... वैसे ही डिजिटल मौन केवल मोबाइल से दूरी नहीं है...यह ध्यान को पुनः एकत्रित करने का एक सशक्त अभ्यास है... प्रत्येक साधक को दिन में एक निश्चित समय अवश्य तय करना चाहिए... जहाँ कोई स्क्रीन नहीं... कोई सूचना नहीं... कोई बाहरी उत्तेजना नहीं... केवल मौन... केवल आत्मिक शांति... केवल आनंद... प्रारंभ में यह साधक को असहज लगेगा... मन बेचैन भी होगा... बार-बार बाहर जाने की इच्छा होगी... परन्तु यही असहजता ही तप है और इसी तप में धीरे-धीरे चेतना अपनी खोई हुई स्थिरता को पुनः प्राप्त करने लगती है... यह अध्याय साधक को अपराधबोध में डालने के लिए नहीं है....यह उसे दोषी ठहराने के लिए भी नहीं है... यह केवल उसे जागरूक करने के लिए है कि वह स्वयं को बिना नकारे देख सकें...जब साधक देखना सीखता है... तभी आत्मिक परिवर्तन की संभावना जन्म लेती है और यह परिवर्तन धीरे-धीरे अपने मूल स्वरूप में आता है... जैसे-जैसे भीतर के मौन का स्वाद गहरा होता है... वैसे-वैसे बाहरी शोर अपना आकर्षण खोने लगता है... एक नई धुन सुनाई देने लगती है... बेहद मधुर और आत्मिक... और यहीं साधक एक नई स्थिति में प्रवेश करता है... वह न तो तकनीक से भागता है....न उसमें फँसता है... वह उसे एक उपकरण की तरह देखता है... जीवन की धुरी की तरह नहीं... और इसी संतुलन से एक नया प्रश्न जन्म लेता है यदि जीवन व्यस्त है....ध्यान बिखरा हुआ है... और समय सीमित है... तो साधना को कैसे जीवित रखा जाए...? यही प्रश्न हमें अगले अध्याय की ओर ले जाता है... जहाँ गृहस्थों के लिए सरल, ईमानदार और संभव साधनाओं की बात की जाएगी... जो बोझ नहीं होती है बल्कि जीवन को भीतर से धीरे-धीरे स्थिर करती हैं और साधक को अपनी अंतरात्मा से परिचित कराती हैं... प्रो. सविता शाही डिवाइन वर्ल्ड मिशन
Share this: