+91 7881133302 info@divineworldmission.com Lucknow, UP
Divine World Mission

आत्मा का द्वंद्व और एकांत साधना

20 May 2026
कभी-कभी साधक के जीवन में ऐसा समय आता है जब भीतर की आत्मा एक दिशा में बोलती है परंतु बाहरी परिस्थितियाँ उसे किसी दूसरी ओर खींच ले जाती हैं... आत्मा पुकारती है कि “यह सत्य है, यह माई की दिशा है” परन्तु संसार अपनी जिद्द और ध्वनि से उसे विपरीत मार्ग पर धकेलने लगता है... साधक ना तो पूर्णतः संसार में ठहर पाता है और न पूर्णतः आत्मा के आलोक में... एक गहन द्वंद्व में फँस जाता है... यह द्वंद्व केवल बाहरी संघर्ष नहीं होता है बल्कि आत्मा और उसके भीतर की चेतना की परीक्षा है... वास्तव में यह द्वंद्व आत्मा और प्रकृति का संघर्ष नहीं होता है बल्कि जागरण और विस्मृति का संघर्ष है... आत्मा सदैव माई की दिशा में ही प्रवाहित होती है... वह जानती है कि कौन-सा मार्ग सत्य है? कौन-सी स्थिति उचित है ? परन्तु मन जो संसार की गंध, लोक की ध्वनि और परिस्थितियों की चाप में डूबा हुआ है... अक्सर बाहरी आदेश और बाधाओं को अधिक सुनता है... जब आत्मा भीतर से पुकारती है तो मन कहता है कि “अभी समय नहीं है”... जब आत्मा आग्रह करती है तो मन भय दिखाता है कि अगर ऐसा किया तो लोग क्या कहेंगे..? इस प्रकार साधक अपने ही भीतर के द्वंद्व, उलझन और विरोधाभास में जकड़ जाता है... यह स्थिति दुर्बलता का परिचायक नहीं है बल्कि परिवर्तन और संक्रमण का प्रतीक है... जब भीतर का प्रकाश और बाहर का अंधकार साथ उपस्थित होते हैं तब द्वंद्व स्वाभाविक है... यही वह क्षण है जब माई साधक की परीक्षा लेती हैं कि क्या तुम परिस्थितियों के शोर में मेरी मौन वाणी को पहचान पाओगे..? और यही वह बिंदु है जहाँ साधक को यह निर्णय लेना होता है कि वह किसकी सुने..? भीतरी पुकार की या बाहरी तूफानों की? परिस्थितियाँ कभी-कभी इतनी कठोर होती हैं कि साधक जानता हुआ भी चुप रह जाता है... सही मार्ग को पहचानता हुआ भी उस पर चल नहीं पाता है...उसे लगता है कि वह बाध्य है और परिस्थितियों ने उसे घेर लिया है किंतु सत्य यह है कि आत्मा की दिशा को कोई रोक नहीं सकता है... यदि साधक उसमें अडिग और निष्ठावान हो तो परिस्थितियाँ केवल देरी करती हैं... मार्ग बदलती हैं... परन्तु अंततः आत्मा उसी दिशा में लौट आती है जहाँ माई का प्रकाश उसे बुला रहा होता है... साधक को यह स्मरण रखना चाहिए कि जब भीतर का सत्य और बाहर की वास्तविकता एक-दूसरे के विपरीत खड़े हों तो एकांत और मौन सबसे बड़ा साधन हैं... वह मौन, जिसमें आत्मा की आवाज़ स्पष्ट सुनाई देती है... उस मौन में माई बोलती हैं कि बिना शब्दों के, बिना संकेतों के, केवल अनुभव और अंतर्यात्रा के माध्यम से... साधक यदि उस मौन को धारण कर ले तो परिस्थितियों का शोर स्वयं शांत हो जाता है और भीतर का आलोक मार्गदर्शन करने लगता है... कभी-कभी आत्मा को माई के आदेश को पूरा करने के लिए संसार से विरोध सहना पड़ता है... साधक को गलत कहा जाता है... उसका मार्ग दूसरों को अनुचित लगता है... और कभी-कभी उसे उन कार्यों के लिए बाध्य किया जाता है जो उसकी आत्मा स्वीकार नहीं करती है... परन्तु जो माई के निकट है वह जानता है कि यह भी लीला है... हर विपरीत परिस्थिति में भी माई का अदृश्य हाथ कार्य कर रहा होता है... बाहरी दृष्टि से साधक गलत दिखाई दे परन्तु भीतर उसकी आत्मा जानती है कि वह माई की योजना के अनुसार चल रहा है... जब आत्मा का द्वंद्व चरम पर पहुँचता है तब माई भीतर उतरती हैं... वे उस बेचैनी, संशय और आंतरिक उलझन को शांत करती हैं... और साधक को यह अनुभूति देती हैं कि कोई भी परिस्थिति अंतिम नहीं है... सत्य को छिपाया जा सकता है परंतु दबाया नहीं जा सकता... आत्मा को रोका जा सकता है परन्तु रोका हुआ प्रवाह अंततः और भी तीव्र होकर फूट पड़ता है... इसलिए जब जीवन का मार्ग उलझन में हो जब आत्मा और परिस्थितियाँ विपरीत दिशा में खड़ी हों तब साधक को अपने भीतर उतरना चाहिए... वहाँ माई का शांत आलोक प्रतीक्षा कर रहा होता है... वही आलोक कहता है कि “मत डर, जो सत्य है वह टिकेगा जो असत्य है, वह स्वयं मिट जाएगा..।” साधक का कार्य केवल इतना है कि अपनी निष्ठा, विश्वास और स्थिरता को बनाए रखना... माई की वाणी को सुनना और अपने भीतर के प्रकाश को बुझने न देना क्योंकि जब बाहरी मार्ग अस्पष्ट हो जाता है तब माई भीतर से मार्गदर्शन करती हैं... परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी विरोधी क्यों न हों यदि साधक का विश्वास अडिग है तो एक न एक दिन सब कुछ उसी दिशा में मुड़ जाता है जहाँ आत्मा का सत्य स्थित है... यही आत्मा का परम रहस्य है कि परिस्थितियाँ झुकती हैं...आत्मा नहीं... और जो आत्मा माई के आलोक में स्थिर हो जाती है,श उसे फिर किसी प्रमाण या बहस की आवश्यकता नहीं रहती है...उसकी राह स्पष्ट... उसकी शक्ति अडिग... और उसकी चेतना स्थायी रूप से जाग्रत हो जाती है... यही एकांत साधना की गहनता है कि जहाँ बाहरी विरोध शून्य बन जाता है और भीतर का आलोक स्वयं साधक का मार्गदर्शन करता है...
Share this: